सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), सरायकेला के संयुक्त तत्वावधान में जल महोत्सव पखवाड़ा सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना था.

महिला सशक्त होगी तो विकास को गति मिलेगी- उप विकास आयुक्त
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सरायकेला–खरसावां रीना हांसदा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने JSLPS और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल से जुड़ी दीदियों द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी पदा./कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं ईमानदारी के साथ करें.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शौचालय के नियमित उपयोग, स्वच्छता, जल संरक्षण, जल संचयन और महिला सशक्तिकरण के प्रति निरंतर जागरूक करना आवश्यक है. महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है. महिला सशक्त होगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को गति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाएं सशक्त होती हैं, वहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है और परिवार एवं समाज का समग्र विकास संभव होता है. उन्होंने विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में कार्यरत महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए कार्य करें, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़े, लोगों का विश्वास मजबूत हो तथा विकास कार्यों को गति मिले.
अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति रहे सजग
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सशक्त महिला को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए और अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें परिवार एवं समाज के निर्णयों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए. आज के दौर में महिलाएं राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा बलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. महिलाओं पर परिवार एवं समाज की दोहरी जिम्मेदारी होती है, जिसे वे घर एवं कार्यस्थल दोनों स्थानों पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाती हैं.
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह (SHG) के माध्यम से महिलाएं सशक्त होकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने क्षेत्रों में अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. यदि महिला एवं पुरुष दोनों मिलकर सामूहिक प्रयास करेंगे तो समाज एवं राष्ट्र के विकास की गति और अधिक तेज होगी. समाज में महिलाओं को समान अधिकार एवं सम्मान मिलना चाहिए, ताकि वे प्रेरित होकर समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें.
22 मार्च तक संचालित किया जाएगा अभियान
इस अवसर पर बताया गया कि जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत यह अभियान 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक प्रखंड, पंचायत, ग्राम एवं जिला स्तर पर संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत जल संरक्षण, जल गुणवत्ता, स्वच्छता जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
कार्यक्रम के दौरान JSLPS के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) द्वारा JSLPS अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों, उनके लाभ एवं पात्रता से संबंधित जानकारी दी गई और उपस्थित महिलाओं को अपने क्षेत्र एवं परिवार की पात्र महिलाओं को इन योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहिया, बैंक सखी एवं विभिन्न पंचायतों के महिला मुखिया सदस्य को उप विकास आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं, कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारी, कर्मीगण एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं.

