रांची: झारखंड में हाल ही में हुए निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित विजयी जनप्रतिनिधियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में रांची के चिरौंदी स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 3 महापौर, 4 नगर परिषद अध्यक्ष, 6 नगर पंचायत अध्यक्ष और 387 पार्षदों को सम्मानित किया गया.

समारोह में ये रहे उपस्थित
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हुए. सभी नेताओं ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया.
कई शहरों के मेयर और अध्यक्ष हुए शामिल
सम्मान समारोह में रांची, मेदिनीनगर और आदित्यपुर नगर निगम के महापौर शामिल हुए. इसके अलावा लोहरदगा, गुमला, मिहिजाम और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष तथा खूंटी, लातेहार, डोमचांच, जामताड़ा और महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
‘अपने क्षेत्र के नरेंद्र मोदी बनें’ – आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने-अपने नगर निकाय क्षेत्रों में विकास की योजनाओं को हर गरीब और झुग्गी बस्तियों तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि हर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र का नरेंद्र मोदी बनकर काम करे और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाए. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में निकाय चुनाव भाजपा के संघर्ष और अदालत के दबाव के कारण कराए गए. साथ ही कहा कि चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में हैं और जीत का यह सिलसिला आगे भी जारी रहना चाहिए.
हेमंत सरकार पर भाजपा का हमला
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव के नतीजों ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को बड़ा झटका दिया है. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर होते तो सत्ताधारी गठबंधन का पूरी तरह सफाया हो जाता.
विकसित भारत के लिए काम करें – अर्जुन मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील की, कि वे अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रशासन और तेज विकास का मॉडल पेश करें. उन्होंने कहा कि नगर निकायों में अच्छा काम करके विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है.
भाजपा के मजबूत जनाधार का संकेत
भाजपा नेता समीर उरांव ने कहा कि गुमला, लोहरदगा और खूंटी जैसे क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत यह दिखाती है, कि राज्य की जनता भाजपा के साथ खड़ी है.
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, उज्जवल दास सहित पार्टी के कई सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन राकेश प्रसाद ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन धीरज महतो ने दिया.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जल महोत्सव पखवाड़ा सह सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

