Jamtara: जिले के मिहिजाम पुलिस ने स्टेशन मास्टर से हुई छिनतई मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी कर्ण तांती को बिहार के मुंगेर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में मिहिजाम थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज है. जानकारी के अनुसार, स्टेशन मास्टर से छिनतई की घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर अपराधियों की तलाश शुरू की थी. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी.
इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. संजीव से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस कर्ण तांती तक पहुंचने में सफल हुई. बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए कर्ण लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.
छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर मुंगेर में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर मिहिजाम लाया. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
ALSO READ: सड़क हादसे में घायल युवक को डॉक्टर और एंबुलेंस नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा



