Jamtara : नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में 25 वर्षीय युवक मौसम शेख गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक नारायणपुर निवासी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहारांगी पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही एक टेंपो और बाइक के बीच आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मौसम शेख गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई.
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
रेफर करने के बाद भी एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं
रेफर किए जाने के बाद अस्पताल में एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने और डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों का आरोप है कि घायल युवक को रेफर किए जाने के बाद काफी देर तक 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी. वहीं अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के नहीं रहने से परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे.
सर और शरीर के अन्य हिस्से में आयी गंभीर चोटें
परिजनों ने बताया कि मौसम शेख के सर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. जिसके कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. वहीं घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बूझकर मामला शांत करवाया गया. इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थय सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सामुदायिक स्वास्थय केंद्र की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है.
ALSO READ : राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस का फोकस, विधायकों पर कड़ी निगरानी


