Giridih: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई.
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण जिले की अमूल्य धरोहर है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन, औद्योगिक संस्थानों तथा आम नागरिकों को समान रूप से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) डिस्प्ले स्क्रीन लगाने, उसरी नदी के संरक्षण तथा Central Coalfields Limited एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
अवैध खनन पर कार्रवाई
बैठक में अवैध बालू खनन, अनियमित डंपिंग, स्टोन माइंस एवं क्रशरों के संचालन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया. साथ ही नालों की नियमित सफाई तथा दूषित जल का उपचार करने के बाद ही उसे नदी में प्रवाहित करने का निर्देश दिया गया.
Also Read: हजारीबाग लैंड स्कैम मामले में HC ने फैसला रखा सुरक्षित
औद्योगिक इकाइयों को निर्देश
उपायुक्त ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ट्रीटमेंट प्लांट के प्रभावी संचालन तथा औद्योगिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटलों एवं अन्य संस्थानों को भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने को कहा.
वैज्ञानिक निस्तारण पर बल
औद्योगिक इकाइयों द्वारा उत्सर्जित अपशिष्टों के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कोई भी औद्योगिक प्रतिष्ठान कचरे का अवैध अथवा अनियंत्रित डंपिंग न करे. सभी उद्योग उत्पादन प्रक्रिया से निकलने वाले ठोस एवं अन्य अपशिष्टों का निस्तारण निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत स्थलों पर ही करें, ताकि स्थानीय ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, आईएएस प्रशिक्षु, जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, वन विभाग, नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीसीएल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.



