Palamu: पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) समिति की बैठक की. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा CSR के तहत किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया.
सामाजिक विकास में कंपनियों की भागीदारी पर जोर
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व का उद्देश्य केवल कानूनी दायित्वों का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास में कंपनियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है. उन्होंने कंपनियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद प्रोत्साहन, नशा मुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा आजीविका संवर्द्धन जैसे क्षेत्रों में अधिकाधिक योगदान देने का आह्वान किया.
वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान CSR समिति के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. इसमें कंपनियों द्वारा विगत वर्षों में किए गए CSR कार्यों की समीक्षा, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी, विभिन्न विभागों से प्राप्त विकासात्मक परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विचार तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों का चयन शामिल रहा. वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मिड-डे मील के लिए प्लेट और ग्लास की खरीद, आईसीआईसीआई बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पांकी की छात्राओं के लिए 160 स्कूल बैग उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई.
आंगनबाड़ी, टीबी मरीजों और कंप्यूटर लैब से जुड़े प्रस्तावों पर विचार
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने के लिए बैंकर्स को एम्पैनल करने, सीसीएल द्वारा उन्नति कृषि कार्यक्रम के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने तथा एकलव्य विद्यालय मनातू में कंप्यूटर लैब के लिए 33 कंप्यूटर खरीदने के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सिविल सर्जन डॉ. अनिल, जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, एलडीएम, सीसीएल रांची के प्रतिनिधि, फेयर माइंस कार्बन प्राइवेट लिमिटेड, ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड समेत जिले में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे.



