Koderma: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में NEET (UG)-2026 परीक्षा, दिनांक 21-6-2026 (रविवार) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि NEET (UG)-2026 के सफल संचालन हेतु जिले में कुल 02 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित की जाएगी.
पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को सक्रिय रहने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया, कि वे सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लें तथा बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ एवं दुरुस्त कर सुनिश्चित करें. उन्होंने आगामी 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित परीक्षा के मद्देनजर पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा अवधि के दौरान सतत सक्रिय रहने तथा परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया.
मुख्य प्रवेश द्वार पर ही परीक्षार्थियों की तलाशी करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय मुख्य द्वार पर ही पुरुष एवं महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. साथ ही फ्रिस्किंग प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए केंद्राधीक्षकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया.
परीक्षा केंद्रों के नाम
- C.D. C.M. School of Excellence, Girls School, झुमरी तिलैया, कोडरमा
- PM SHRI Project Girls +2 High School, कोडरमा
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी/कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: गुमला में आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा, केंद्रीय प्रभारी अधिकारी अमित सतीजा ने दिए सुधार के निर्देश



