चाईबासा: झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाहें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. गुमला में रविवार की रात में हुई मॉब लिंचिंग की घटना की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब चाईबासा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां चक्रधरपुर प्रखंड के रामडा गांव में ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में एक वृद्ध महिला को पीटकर घायल कर दिया.

अफवाह बनी हिंसा का कारण:
सोमवार को हाथिया पंचायत के रामडा गांव में एक अज्ञात वृद्ध महिला पहुंची थी. ग्रामीणों ने बताया कि महिला से जब उसके नाम और पता के बारे में पूछा गया, तो वह स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बता सकी.गुस्साए ग्रामीणों ने बिना किसी जांच-परख के महिला को घेर लिया और उस पर टूट पड़े. लात-घूंसों और डंडों से की गई इस पिटाई में महिला को गंभीर चोटें आई हैं.उसके सिर में काफी सूजन है और शरीर के अन्य हिस्सों से खून बहने लगा. जब महिला अधमरी हालत में पहुंच गई, तब जाकर कुछ लोगों ने उसे छोड़ा. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल भिजवाया.

