Ranchi: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनएसएस वॉलेंटियर्स, योग प्रशिक्षकों और योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि योग सदियों से भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव के बीच योग लोगों को मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मन को भी शांति मिलती है.
योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम
वहीं योग करने आए गणमान्य अतिथियों ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ता स्क्रीन टाइम लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है. ऐसे समय में योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करता है.

योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित
इस अवसर पर योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया. अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की. वक्ताओं ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों की सफलता युवा पीढ़ी को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करती है. कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया.

ALSO READ: पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारी व पदाधिकारियों ने किया योग, बच्चे भी हुए शामिल
सामूहिक योगाभ्यास के साथ दिया गया स्वस्थ जीवन का संदेश
योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक शांति का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सी.पी. सिंह, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे.

