Palamu: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के पलामू जिला अध्यक्ष सह युवा समाजसेवी आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने पलामू के उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले की ज्वलंत समस्याओं को लेकर उपायुक्त को एक पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा. इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच काफी सकारात्मक बातचीत हुई, जिस पर उपायुक्त ने सभी जायज मांगों पर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.
अधूरे हाईवे पर टोल वसूली और अव्यवस्था का आरोप
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मेदिनीनगर जोरकट स्थित टोल प्लाजा पर नियमों को ताक पर रखकर भारी अनियमितता बरती जा रही है. नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य अभी तक अधूरा है, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार कंपनी द्वारा आम जनता से जबरन टोल टैक्स वसूला जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा पुरानी सड़क की मरम्मत तक नहीं की जा रही है, जिससे पूरी सड़क पर जगह-जगह खतरनाक और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. ये गड्ढे आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे हैं.

स्थानीय लोगों से बदसलूकी और पास की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त का ध्यान टोल कर्मियों के अड़ियल रवैये की ओर भी खींचा. आशुतोष तिवारी ने कहा कि टोल प्लाजा पर तैनात कर्मियों द्वारा स्थानीय वाहन चालकों और नागरिकों के साथ आए दिन अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की जाती है. उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि प्रशासन द्वारा विशेष शिविर का आयोजन कर युद्धस्तर पर स्थानीय निवासियों के लिए जरूरी वाहन पास निर्गत किए जाएं, ताकि उन्हें इस रोज-रोज की प्रताड़ना से मुक्ति मिल सके.
Read Also: DC उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न, दिये जरूरी दिशा-निर्देश
भ्रष्टाचार के खिलाफ चेताया
अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए ‘हम’ जिलाध्यक्ष ने कहा कि पलामू को चारागाह समझने वाले अधिकारी और कर्मचारी अपने भ्रष्ट आचरण पर तुरंत अंकुश लगा लें. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आम जनमानस के अधिकारों की रक्षा के लिए उनकी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है. टोल नाकों पर व्याप्त भय के माहौल को खत्म करना और अवैध रूप से हो रही पैसों की वसूली को रुकवाना उनकी मुख्य प्राथमिकता है. इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष आशुतोष तिवारी के साथ जिला सचिव वारिस आलम, युवा नेता अबू फैजल और राकेश विश्वकर्मा समेत पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ता व प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे.


