Koderma: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाते हुए आधा दर्जन से अधिक घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर हैं. जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से हाथियों का झुंड सतगांवां थाना क्षेत्र के जंगलों और कोडरमा थाना क्षेत्र के मेघातरी गांव के आसपास विचरण कर रहा था. शनिवार रात यह झुंड डोमचांच प्रखंड के गोलगो गांव में पहुंच गया, जहां उसने कई घरों को नुकसान पहुंचाया.
घरों के साथ स्कूल को भी पहुंचाया नुकसान
हाथियों ने गांव के आधा दर्जन से अधिक घरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा गांव के एक विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार को भी तोड़ दिया. अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों के अनुसार, रात में हाथियों का झुंड गोलगो गांव से आगे बढ़कर ढोढाकोला गांव की ओर भी जाता देखा गया. जंगलों से घिरे इस क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी लोगों की चिंता बढ़ा रही है.

वन विभाग ने जारी की चेतावनी
वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है. विभाग के कर्मी हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के झुंड को अक्सर कोडरमा से सटे बिहार के जंगलों की ओर खदेड़ा जाता है, लेकिन वे दोबारा लौट आते हैं. ऐसे में हाथियों के स्थायी प्रबंधन की आवश्यकता महसूस की जा रही है.
पहले भी मचा चुके हैं भारी तबाही
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में हाथियों के झुंड ने कोडरमा जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है. फसलों और घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ दर्जनों लोगों की जान भी जा चुकी है. हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है.


