Click Here
Click Here
Click Here

साज की रफ्तार : स्टेट हाइवे अथॉरिटी ने बनाया सड़कों का जाल, 2400 करोड़ से अधिक की योजनाएं पूरी

Ranchi : झारखंड में सुगम यातायात और सुदूर ग्रामीण इलाकों को मुख्य शहरों से जोड़ने की दिशा में स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ...

Ranchi : झारखंड में सुगम यातायात और सुदूर ग्रामीण इलाकों को मुख्य शहरों से जोड़ने की दिशा में स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड ( साज ) ने एक बड़ी लकीर खींची है. राज्य के विकास को गति देने वाली सड़कों और पुलों के निर्माण में ‘साज’ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है. हाल ही में राजधानी रांची के तीन प्रमुख फ्लाईओवरों – हरमू रोड फ्लाईओवर, अरगोड़ा चौक फ्लाईओवर, और करमटोली से चिरौंदी फ्लाईओवर की कमान भी कैबिनेट की स्वीकृति के बाद साज को सौंप दी गई है. इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए जल्द ही नए सिरे से टेंडर जारी होने वाले हैं. जिससे रांचीवासियों को जाम के झंझट से बड़ी राहत मिलेगी.

923 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण पूरा

साज ने अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 21 बड़े सड़क प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है. इन सभी परियोजनाओं को मिलाकर कुल 923.642 किलोमीटर लंबी सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जा चुका है. इन पूरे हो चुके कार्यों पर राज्य सरकार और प्राधिकरण की ओर से कुल 2435.6164 करोड़ रुपये ( लगभग 2435 करोड़ 61 लाख रुपये ) की भारी-भरकम राशि खर्च की गई है.

इन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा

पूरी हो चुकी मुख्य सड़कों में गिरिडीह-गांडेय-पांडेडीह रोड, खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा रोड, कोडरमा-डोमचांच-खोरिमहुआ-जमुआ रोड और देवघर-मधुपुर रोड जैसी महत्वपूर्ण कड़ियां शामिल हैं. जिन्होंने इन क्षेत्रों में व्यापार और आवागमन की सूरत बदल दी है. इसके अलावा ग्रामीण और उग्रवाद प्रभावित इलाकों में भी सड़कों के इस जाल से विकास की नई किरण पहुंची है.

222 किलोमीटर की परियोजनाएं प्रगति पर

प्राधिकरण सिर्फ पुरानी उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के विकास को निरंतर गति देने के लिए वर्तमान में भी कई बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है. ‘साज’ के तहत इस समय लगभग 222.323 किलोमीटर लंबी सड़कों और पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. इन जारी परियोजनाओं के लिए 889.398 करोड़ रुपये (लगभग 889 करोड़ 39 लाख रुपये) का अनुबंध मूल्य तय किया गया है.

इन योजनाओं का निर्माण कार्य जारी

इन चालू योजनाओं में गोविंदपुर चौक (एनएच-2) से महुदा मोड़ तक वाया श्रमिक चौक और बैंक मोड़ धनबाद की बेहद महत्वपूर्ण सड़क शामिल है. साथ ही सरायकेला-राजनगर-चक्रधरपुर रोड और चाईबासा-तोंतो-रोम रोड जैसे अहम मार्ग भी तैयार किए जा रहे हैं. जो औद्योगिक और खनिज समृद्ध क्षेत्रों को सीधे कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे.

सुदूर अंचलों को जोड़ते नदियों पर विशाल पुल

• सड़कों के साथ-साथ ‘साज’ ने राज्य की भौगोलिक बाधाओं को दूर करने के लिए पुल निर्माण में भी बड़ी सफलता हासिल की है. वर्तमान में प्राधिकरण द्वारा दो अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़े पुलों का निर्माण कराया जा रहा है. इनमें से एक सुंदीपुर-पांसा रोड में कोयल नदी पर बनने वाला 1.6 किलोमीटर लंबा पुल है. जिसकी लागत 91.639 करोड़ रुपये है.

• वहीं दूसरा सबसे बड़ा प्रोजेक्ट दुमका एयरपोर्ट-चकलतात रोड से मकरमपुर रोड को जोड़ने वाली मयूराक्षी नदी पर बन रहा हाई लेवल ब्रिज है. 2.34 किलोमीटर लंबे इस बेहद खूबसूरत और रणनीतिक पुल के निर्माण पर कुल 198.110 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. ये पुल बनकर तैयार होने के बाद संताल परगना और अन्य क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और सामाजिक जुड़ाव को एक नया आयाम देंगे.

राजधानी को जाम से मुक्ति दिलाएंगे तीन नए फ्लाइओवर

झारखंड सरकार ने रांची के तीन सबसे प्रतीक्षित फ्लाइओवरों की जिम्मेदारी इसे सौंपी है. कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद अब हरमू रोड फ्लाईओवर के लिए दूसरी बार टेंडर जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है, क्योंकि इससे पहले जारी किए गए टेंडर पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका था. इसके साथ ही अरगोड़ा चौक और करमटोली से चिरौंदी तक बनने वाले फ्लाइओवर के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है. इन तीनों फ्लाईओवरों के निर्माण की जिम्मेदारी ‘साज’ के पास आने से यह उम्मीद बढ़ गई है कि तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ ये परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जिससे रांची की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी.

 

ALSO READ : NEWS WAVE IMPACT: DGP ने कार्मिंग कोषांग से मांगी रिपोर्ट, SI की 2500 रिक्त सीटों में से 1000 पुलिसकर्मियों की ASI से SI में होगी प्रोन्नति, 1500 पदों पर होगी सीधी बहाली

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *