Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. मौसम केंद्र रांची ने 23 जून से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल, हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार कई जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
बारिश होने और तेज हवा चलने के आसार हैं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सक्रिय रह सकता है. रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में बादल गरजने, बारिश होने और तेज हवा चलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने 24 जून के लिए भी लगभग इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तर-मध्य हिस्सों को छोड़कर राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई जगहों पर मेघ गर्जन और तेज हवा का असर भी देखने को मिल सकता है. हालांकि बारिश के बीच उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ जिलों के लिए गर्मी का अलग अलर्ट भी जारी किया गया है.

हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है
24 जून को पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है. इन इलाकों में तापमान बढ़ने और गर्म हवाएं चलने से लोगों को परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचने, सिर ढककर चलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. 25 जून को भी इन जिलों में गर्मी का असर बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार
राज्य के तापमान की बात करें तो 22 जून को मानसूनी गतिविधियों के असर से अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. बादल और छिटपुट बारिश की वजह से कई हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिली. इसके बावजूद पलामू क्षेत्र का डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम केंद्र रांची के आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम रहा. जमशेदपुर में 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बोकारो में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. डालटनगंज एकमात्र प्रमुख केंद्र रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा. ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के आंकड़ों के मुताबिक कोडरमा में 36.6 डिग्री, हजारीबाग में 35.8 डिग्री, देवघर में 34.9 डिग्री, पाकुड़ में 34.7 डिग्री और दुमका में 33.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं खूंटी, रांची, लातेहार और सिमडेगा जैसे जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे बना रहा. बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 13.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही. इसके अलावा सिमडेगा के बानो क्षेत्र में 10 मिमी और खूंटी में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
AlsoRead:अब झारखंड के विश्वविद्यालयों में अपार ID के बिना नहीं मिलेगा दाखिला


