Simdega: पुलिस अधीक्षक सिमडेगा ने जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा को लेकर थाना प्रभारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ मंगलवार बैठक की. बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान की प्रगति तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोप-पत्र समर्पित करने पर विशेष जोर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी लंबित एनडीपीएस मामलों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए 60 से 90 दिनों के भीतर आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाए. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और दोषियों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई सिमडेगा पुलिस की प्राथमिकता है.
एनडीपीएस मामलों की विस्तृत समीक्षा
बैठक में बांसजोर, बोलबा, कोलेबिरा, बानो एवं एएचटीयू थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई. प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, अनुसंधान की प्रगति और लंबित बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को समयबद्ध तरीके से अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में चार्जशीट प्रस्तुत करने तथा मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सिमडेगा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमडेगा एवं बानो अंचल के पुलिस निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात : आदित्य साहू


