Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जेएसएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जेपीएल क्रिकेट मैच के फाइनल के दौरान भगदड़ मच गई. इस घटना के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि खुद इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पूरे स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय कर दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची के सिविल सर्जन समेत विभाग के तमाम आला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए आपातकालीन स्थिति में तुरंत एंबुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया. उन्होंने कहा कि एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है और सभी घायलों को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.

अस्पताल अलर्ट मोड पर, मंत्री खुद रख रहे हैं नजर:
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घायलों को किसी भी प्रकार की चिकित्सीय असुविधा न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रख दिया गया है. डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं ताकि मरीजों के पहुंचते ही उनका बेहतर उपचार शुरू किया जा सके.


जाने कैसे बिगड़े हालात?
स्टेडियम में मंगलवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब जेपीएल क्रिकेट मैच के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए उम्मीद से कहीं अधिक क्रिकेट प्रेमी पहुंच गए. फाइनल मैच के रोमांच को लाइव देखने के लिए उमड़ी इस अप्रत्याशित भीड़ को संभाल पाने में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई. स्टेडियम के वेस्ट गेट पर एंट्री के दौरान मची भगदड़ में कई दर्शकों के घायल होने की खबर है, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने गेट पर तोड़फोड़ की.



