Palamu: हुसैनाबाद क्षेत्र में समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से देवरी ओपी पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है. इसी क्रम में बुधवार को देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम उत्क्रमित राजकीय नवसृजित मध्य विद्यालय, देवरीकला (पहाड़ीपर) पहुंची और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी.
नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी प्रभारी राजू गुप्ता ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है. उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही एक सशक्त, स्वस्थ और विकसित समाज की नींव रख सकते हैं. विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों का महत्व समझाया. उन्होंने कहा कि सही मार्ग का चुनाव ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान है और युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए.

छात्रों को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
अभियान के दौरान पुलिस टीम और विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई. छात्रों ने अपने गांव और मोहल्ले में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया. देवरी ओपी प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके. पुलिस की इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
ALSO READ : भरत तिवारी के परिजनों से मिले BJP नेता रमेश सिंह, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा


