Arrah: झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश सिंह और बिहार के चर्चित समाजसेवी युवराज सुधीर सिंह बुधवार को आरा जिले के बिलोटी गांव पहुंचे. वहां उन्होंने हाल ही में पुलिस की गोलीबारी का शिकार हुए दिवंगत युवक भरत तिवारी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव मदद का भरोसा देते हुए उनका हौसला बढ़ाया. परिजनों से मुलाकात के बाद भाजपा नेता रमेश सिंह ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा और इसकी कड़ी निंदा की.
पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका बेहद संदेहास्पद- रमेश सिंह
उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, कि लोकतंत्र में कानून का राज होता है. देश में किसी भी व्यक्ति को सजा या दंड देने का अधिकार केवल न्यायपालिका को है पुलिस को नहीं. रमेश सिंह ने आगे कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका बेहद संदेहास्पद है और गंभीर सवालों के घेरे में है. समाजसेवी युवराज सुधीर सिंह ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके. इस दौरान बिलोटी गांव के कई स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना गहरा आक्रोश व्यक्त किया.

यह भी पढ़ें: पलामू गोलीकांड का खुलासा, ठेकेदार पर फायरिंग करने वाला भतीजा हुआ गिरफ्तार – Newswave Jharkhand


