Ranchi: राजधानी रांची स्थित वन भवन मुख्यालय के विवेकानंद सभागार में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र की अंतर-विभागीय और अंतर-एजेंसी समन्वय समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वन्यजीव अपराधों की रोकथाम, अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करना था. बैठक की अध्यक्षता झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने की. इस दौरान देश और राज्य की तमाम बड़ी सुरक्षा व जांच एजेंसियों के आला अधिकारी शामिल हुए.
विभिन्न एजेंसियों के बीच सुदृढ़ समन्वय समय की मांग: संजीव कुमार
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि वन्य प्राणियों और उनके अंगों की अवैध तस्करी को रोकना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान होना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक संबंधित विभाग में वन्यजीव अपराधों की निगरानी के लिए विशेष नोडल अधिकारी तैनात किए जाएं. साथ ही हवाई, रेल और सड़क मार्गों के साथ-साथ अब डाकघरों और कूरियर सेवाओं के माध्यम से होने वाले अवैध परिवहन पर भी पैनी नजर रखी जाए.

AlsoRead:रांची में कोचिंग संस्थानों की निगम ने की जांच, कई जगह मिली गड़बड़ी


