Saraikela: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुए सड़क हादसे में नवनियुक्त शिक्षिका सुलेखा महतो (40) की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा डीसी ऑफिस और टीवीएस शोरूम के समीप हुआ. स्कूटी चला रहे उनके देवर राजेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार, सुलेखा महतो पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा अंतर्गत भालूरंगी गांव की रहने वाली थीं. उनकी हाल ही में शिक्षिका पद पर नियुक्ति हुई थी. बुधवार को वह जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कार्यालय, सरायकेला में उपस्थिति दर्ज कराने आई थीं. कार्य पूरा कर वह अपने देवर राजेश के साथ स्कूटी से चाईबासा लौट रही थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने सुलेखा महतो को मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया गया है. वहीं घायल राजेश कुमार महतो का इलाज चल रहा है.

ALSO READ: पलामू के देवरी ओपी पुलिस की पहल: छात्रों को नशे से दूर रहने का दिया संदेश, दिलाई नशामुक्ति की शपथ
जर्जर सड़क और ओवरलोड वाहनों को लेकर लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की स्थिति जर्जर है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं. साथ ही ओवरलोड भारी वाहनों का लगातार दबाव बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


