Gumla: घाघरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतकों में परदेशनी कुमारी (27 वर्ष), उनका पुत्र अंश उरांव (5 वर्ष) तथा पुत्री आशमानी कुमारी (4 वर्ष) शामिल हैं, परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी का पिछले करीब आठ माह से मानसिक बीमारी का इलाज कांके में चल रहा था.
घर के समीप स्थित कुएं के पास नहाने गई थी महिला
मृतका के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं के पास नहाने के लिए गई थी. दोपहर होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था. काफी देर तक पत्नी और बच्चों के घर नहीं लौटने पर बच्चों की दादी गुनिया देवी और बुआ संतोषी कुमारी ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक कपड़ा दिखाई दिया. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रस्सी और झागर के सहारे कुएं की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया. इसके बाद बारी-बारी से महिला और दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए.

घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के एसआई आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है.


