रांची: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. सिधरावली क्षेत्र स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई. इस मलबे में दबने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. मृतकों में छह मजदूर झारखंड के रहने वाले थे.

कैसे हुआ यह भयावह हादसा?
घटना सोमवार देर शाम की है जब सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी के पिछले हिस्से में बेसमेंट के लिए खुदाई का काम चल रहा था. जानकारी के अनुसार, वहां करीब 25 से अधिक श्रमिक कार्यरत थे. खुदाई के दौरान अचानक पड़ोस की मिट्टी की एक विशाल दीवार भर-भराकर श्रमिकों के ऊपर गिर गई.
हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. 11 मजदूर सीधे मलबे की चपेट में आ गए, जबकि कुछ ने भागकर अपनी जान बचाई.
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस टीमें मौके पर पहुंची. भारी मशीनरी और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू हुआ. रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 7 घंटे तक चला और रात 3:30 बजे तक जारी रहा. मिट्टी से निकाले गए मजदूरों को तुरंत भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की सूची में झारखंड और राजस्थान के श्रमिकों के नाम
– शिवशंकर: बनिहारा, जमशेदपुर (झारखंड)
– परमेश्वर महतो: होन्डई, जमशेदपुर (झारखंड)
– मंगल मेहटो: हाथी बिन्दा, जमशेदपुर (झारखंड)
– भागीरथ गोपे: पोहिता, जमशेदपुर (झारखंड)
– संजीव गोपे: पोहिता, जमशेदपुर (झारखंड)
– धनंजय मेहटो: होन्डई, जमशेदपुर (झारखंड)
– सतीश: बुरका जडथल नगर, भरतपुर (राजस्थान)

