Giridih: सरिया थाना क्षेत्र में 28 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अशोक मंडल की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की पुष्टि होने का दावा परिजनों ने किया है. मृतक के पुत्र राहुल मंडल ने बताया कि घटना के बाद सरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और शव का पोस्टमार्टम कराया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक के सिर में गंभीर चोट के कारण मौत हुई. रिपोर्ट में स्पष्ट उल्लेख है, कि सिर पर किसी कठोर एवं कुंद वस्तु से प्रहार किए जाने के कारण गंभीर आंतरिक चोट और रक्तस्राव हुआ, जिससे उनकी मृत्यु हुई. चिकित्सकों ने मौत का कारण हेड इंजरी बताया है. साथ ही रासायनिक जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखकर एफएसएल रांची भेजने की अनुशंसा की गई है.
पुलिस नहीं कर रही कोई कार्रवाई
राहुल मंडल का आरोप है कि घटना को 26 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरिया पुलिस द्वारा अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे परिजनों में आक्रोश है.

परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि जब रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो चुका है, तब भी कार्रवाई में देरी न्याय प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है. वहीं, इस संबंध में पुलिस का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी.
यह भी पढ़ें: बोकारो: मुहर्रम को लेकर DC-SP ने जरीडीह, कसमार प्रखंड का किया दौरा, लोगों से किया संवाद


