Chakradharpur: सोनुआ थाना के समीप स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य का बुधवार को जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक द्वारा विधिवत शिलान्यास किया गया. इस योजना के तहत मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों का द्वार सड़क की ओर खोला जाएगा तथा परिसर के सामने पेवर्स ब्लॉक बिछाकर उसे व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाएगा. ज्ञात हो कि लगभग एक दशक पूर्व निर्मित इस मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण इस प्रकार किया गया था कि दुकानों का मुख्य द्वार सड़क की ओर नहीं था. इसके कारण दुकानों का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा था तथा व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं. स्थानीय ग्रामीणों एवं व्यापारियों द्वारा लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी.
जीर्णोद्धार से बढ़ेगी व्यापारिक गतिविधियां
जिला परिषद द्वारा स्वीकृत इस जीर्णोद्धार योजना के पूरा होने के बाद दुकानों की उपयोगिता बढ़ेगी, व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. शिलान्यास कार्यक्रम में संवेदक विनोद लोहार, अरूप चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.

ALSO READ: लोहरदगा: मिशन चौक में श्री राम दरबार मंदिर निर्माण का शुभारंभ, की गई भव्य गंगा आरती
जनप्रतिनिधियों ने बताया विकास की दिशा में अहम कदम
सांसद जोबा मांझी ने कहा कि सोनुआ मार्केट कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार की मांग लंबे समय से की जा रही थी. दुकानों का द्वार सड़क की ओर खुलने से स्थानीय व्यापारियों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी. विधायक जगत मांझी ने कहा कि यह योजना ग्रामीणों की मांग के अनुरूप स्वीकृत की गई है. इसके पूर्ण होने से बाजार की गतिविधियों में वृद्धि होगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे. ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए सांसद जोबा मांझी, विधायक जगत मांझी एवं जिला परिषद का आभार व्यक्त किया है.


