Ranchi :झारखंड राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. हार के बाद पहली बार बुधवार को रांची में उन्होंने मीडिया से खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी और सीधे तौर पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाते हुए झारखंड को विधायकों की मंडी बताया.
बाहर से सूटकेस लेकर आया खरीदार:
प्रणव झा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में न केवल झारखंड के सभी 81 विधायक, बल्कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों का शीर्ष नेतृत्व भी भली-भांति जानता है कि कहां क्या हुआ है. उन्होंने कहा, यह दुख की बात है कि झारखंड उनका गृह प्रदेश है। इसे फिर से विधायकों की मंडी बनाया गया है. खरीदने वाला बाहर से सूटकेस लेकर आया और बिका झारखंड के विधायक. प्रणव झा ने व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ आम कार्यकर्ता है जिसे बहुत मुश्किल से अवसर मिलता है, और दूसरी तरफ वह व्यक्ति है जो पैसे से मौका बना लेता है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आज नहीं तो कल झारखंड में स्थिति जरूर बदलेगी. प्रणव झा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इंडिया गठबंधन का नेता बताते हुए कहा कि अब यह उन्हें तय करना है कि दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन के हर सहयोगी दल अपने-अपने स्तर पर समीक्षा कर रहे हैं और कांग्रेस भी समीक्षा करेगी कि कहां और क्या गलती हुई.



