Gumla: जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सांप के डंसने से दो लोगों की मौत हो गई. दोनों घटनाओं में पीड़ित जमीन पर सो रहे थे. इलाज में देरी व झाड़-फूंक के कारण हालत बिगड़ने की बात सामने आई है.
माइकल तिर्की की मौत
पहली घटना पालकोट थाना क्षेत्र के देवगांव करंजटोली की है. यहां माइकल तिर्की (18) बीती रात खाना खाने के बाद जमीन पर सोया था. देर रात उसे जहरीले सांप ने डंस लिया. शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गांव में झाड़-फूंक कराने लगे. हालत गंभीर होने पर आज उसे सदर अस्पताल गुमला लाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

दसरी देवी ने भी तोड़ा दम
वहीं दूसरी घटना मधुबन कसीरा टोला की है. यहां दसरी देवी (46), पति पाजू साहू, जमीन पर बिस्तर लगाकर सोई थीं. देर रात उन्हें सांप ने डंस लिया. परिजन आज उन्हें सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
झाड़-फूंक पर उठे सवाल
दोनों घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण क्षेत्रों में सांप काटने की घटनाओं के बाद समय पर अस्पताल पहुंचने के बजाय झाड़-फूंक कराने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठ रहे हैं.


