Jamtara: प्रखंड के सुखजोड़ा पंचायत अंतर्गत भालसुंधा गांव में जहरीले सांप के डसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी गणेश महतो (45 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश महतो बुधवार को अपने घर के पास स्थित बाड़ी में साफ-सफाई का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया. शुरुआत में उन्हें सांप के काटने का पता नहीं चल पाया, जिसके कारण समय पर उपचार नहीं हो सका. कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. परिजनों ने स्थिति गंभीर होते देख उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया.
रास्ते में ही उनकी मौत हो गई
बताया गया कि बेहतर उपचार के लिए उन्हें धनबाद ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

AlsoRead:CID की छापेमारी के बाद RIMS के डायरेक्टर ने दिया इस्तीफा, जल्द होगी नए निदेशक की नियुक्ति


