Barora : धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से मिले अज्ञात शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि BCCL में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की लालच में एक बेटे ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी. इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 20 जून 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि चिटाही-बरोरा पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले में बरोरा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में हुई.
पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा
मृतक के पुत्र विजय नोनिया ने अपने पिता की मृत्यु के बाद BCCL में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची थी. इसके लिए उसने अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने पिता की हत्या करवा दी. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना भारी पत्थर, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून लगे कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा तथा घटना से जुड़े मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस ने इस मामले में विजय नोनिया (मुख्य साजिशकर्ता), अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस हत्याकांड के खुलासे ने इलाके में सनसनी फैला दी है. वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन करने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है.

Also Read पलामू: पांकी में वज्रपात का कहर, वृद्ध महिला व 12 वर्षीय बालक की मौत, क्षेत्र में शोक


