Chaibasa: तांतनगर ओपी क्षेत्र के सिलपुंजी से पुलिस ने करीब 60 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया गया है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद पहचान के लिए शव को 72 घंटे तक शीतगृह में रखा जाएगा.
लू लगने से मौत की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को उक्त वृद्ध महिला सिलपुंजी के आसपास घूम रही थी. दिन में भीषण गर्मी थी और महिला एक पेड़ के नीचे जाकर सो गई थी. आशंका जताई जा रही है कि लू लगने से उसकी मौत हुई होगी. शाम के समय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

ALSO READ: चाईबासा: तीन माह के बकाया वेतन भुगतान के आश्वासन पर NHM कर्मियों ने हड़ताल की खत्म
पहचान के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा शव
सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी प्रभारी सुनील कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी. ओपी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रथम दृष्टया लू लगने से मौत की आशंका है. शव की पहचान के लिए उसे 72 घंटे तक शीतगृह में रखा जाएगा.


