Giridih: जिले में 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी. जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4,91,038 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी. विभाग ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लाकर पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील की है.

अभियान की निगरानी के लिए 453 सुपरवाइजर नियुक्त
अभियान के लिए जिले में 2,337 पोलियो बूथ बनाए गए हैं. इन बूथों पर 4,793 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कर्मी तैनात रहेंगे. अभियान की निगरानी के लिए 453 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए.
यात्रा करने वाले परिवारों और दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 45 ट्रांजिट दल और 9 मोबाइल दल का गठन किया गया है. इनकी निगरानी के लिए 23 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं. वहीं, वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और समय पर आपूर्ति के लिए जिले में 210 सब-डीपो बनाए गए हैं.
विभाग ने आमजन से की अपील
स्वास्थ्य विभाग को अभियान के लिए 6,21,180 डोज बीओपीवी (BOPV) वैक्सीन प्राप्त हुई है. विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं. “दो बूंद जिंदगी की” संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
ALSO READ: धार्मिक मामले पर आमने-सामने आए झारखंड के IRS और DSP, सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल


