रांची: जिले के सभी अंचलों में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी Manjunath Bhajantri के निर्देश पर आयोजित इस जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत दी गई.

जनता दरबार में जमीन से जुड़े विवाद, भूमि बंटवारा, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, जमीन मापी, आवास योजना, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, नल-जल योजना और आंगनबाड़ी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं. अंचल अधिकारियों ने सभी फरियादियों की बात ध्यान से सुनी और कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया. जिन मामलों में तुरंत निर्णय संभव नहीं था, उन्हें शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया.

उपायुक्त के निर्देश पर इस बार जनता दरबार में अंचल निरीक्षक और राजस्व कर्मचारी भी मौजूद रहे. इससे राजस्व से जुड़ी शिकायतों की तुरंत जांच और समाधान की प्रक्रिया तेज हुई, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल सकी.
उपायुक्त Manjunath Bhajantri ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही न हो. उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करें.

