Bermo: बेरमो अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों सहित बोकारो थर्मल एवं आसपास के क्षेत्र में मातमपुर्सी का पर्व मुहर्रम शुक्रवार को पूरी अकीदत, आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. इस अवसर पर क्षेत्र के राजा बाजार, नूरी नगर, नया बस्ती के मुहल्लों से भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में सभी संप्रदायों के लोग शामिल हुए और कौमी एकता की मिसाल पेश की.दोपहर बाद नई बस्ती, राजा बाजार और नूरी नगर से अकीदतमंदों ने पारंपरिक तरीके से ताजिया का जुलूस निकाला. जुलूस में शामिल लोग ‘या अली, या हुसैन’ के नारे लगाते हुए और कर्बला के शहीदों को याद करते हुए आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान युवाओं ने पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज लाठी खेल और कलाबाजियों का प्रदर्शन भी किया, जो आकर्षण का केंद्र रहा.
रेलवे स्टेशन परिसर में हुआ ताजिया जुलूस का भव्य मिलान
क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए तीनों दिशाओं से आए ताजिया जुलूस का भव्य मिलान रेलवे स्टेशन परिसर में हुआ. यहां का नजारा बेहद आकर्षक था, जहां हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने एकता और भाईचारे का संदेश दिया. इस दौरान हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे का सहयोग कर बोकारो थर्मल की गंगा-जमुनी तहजीब को एक बार फिर जीवंत कर दिया. सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. जुलूस की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी.

थाना प्रभारी व प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने संभाली थी कमान
बोकारो थर्मल के थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रतीक कुमार सिंह खुद कमान संभाले हुए थे. इनके साथ जिला पुलिस बल के जवान और सीआईएसएफ के अधिकारी व जवान जुलूस के साथ-साथ चल रहे थे. प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रियता के कारण पूरा त्योहार शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ. मौके पर मुखिया चंद्र देव घांसी, पंसस अख्तर अंसारी, महबूब आलम, के अंसारी, रियाज, बशीर, जाकीर, मुमताज, लाल मोहम्मद, जसीम अहमद, अफजल अंसारी, मंजूर आलम, अनवर आलम, मो. शाहजहां, जानकी महतो, रिजवान अहमद, तौसीफ आलम सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में अकीदत और शांति के साथ मनाया गया मोहर्रम, कर्बला के शहीदों की याद में निकला ताजिया जुलूस


