Koderma : जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के सियास मुशहरिया गांव में शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान रंजीत मुसहर (17), पिता नरेश मुसहर, के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए. शनिवार सुबह काफी देर तक रंजीत के कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर उसके पिता नरेश मुसहर उसे जगाने पहुंचे. उन्होंने दरवाजा खटखटाया और कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.
युवक ने क्यों की आत्महत्या इसकी खोज में लगी पुलिस
शक होने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. रंजीत फांसी के फंदे से लटका हुआ था. परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया गया. मृतक के पिता नरेश मुसहर ने बताया कि उनके पांच बेटे हैं, जिनमें रंजीत सबसे बड़ा था. वह गांव और आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है. रंजीत की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : कोडरमा मे ढ़िबरा लदा पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त, चालक फरार, वन विभाग किया जब्त


