Seraikela : चांडिल थाना क्षेत्र में पुलिस स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर बाइक चोरी की घटना सामने आई है. मटिया रोड स्थित कदमडीह निवासी राजेश कुमार सिंह के घर के बरामदे से शुक्रवार देर रात अज्ञात चोर बाइक चोरी कर फरार हो गए. पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत चांडिल थाना में दर्ज कराई है. पीड़ित राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चोरी हुई बाइक कंपनी की है, जिसे वह प्रतिदिन अपने घर के बरामदे में खड़ी करते हैं. शुक्रवार की रात जल्दबाजी में वह बाइक लॉक करना भूल गए. देर रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच तीन युवक उनके घर पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
सुबह जब नजर बरामदे पर पड़ी तो बाइक गायब
CCTV फुटेज के अनुसार, सबसे पहले एक युवक घर के आसपास रेकी करता दिखाई देता है. इसके बाद दो युवक घर के बरामदे में प्रवेश करते हैं और बाइक बाहर निकाल लेते हैं. फिर तीनों आरोपी बाइक को धक्का देकर पिछली गली के रास्ते एसएस हाई स्कूल की ओर फरार हो जाते हैं. शनिवार सुबह जब राजेश कुमार सिंह की नजर बरामदे पर पड़ी तो बाइक गायब थी. इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें पूरी घटना सामने आ गई. उन्होंने तुरंत चांडिल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

सुबह बाइक नहीं मिली तो कैमरा देखा
राजेश कुमार सिंह ने बताया, बाइक रोज की तरह बरामदे में खड़ी थी, लेकिन उस रात लॉक करना भूल गया. रात में तीन युवक आए. एक बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दो युवक अंदर घुसकर बाइक निकाल ले गए. सुबह बाइक नहीं मिली तो कैमरा देखा, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल चांडिल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. अब यह देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्द आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगा पाती है.
Also Read : अयोध्या राम मंदिर में दान की चोरी पर बरसे केंद्रीय रामदास अठावले, दोषियों के लिए मांगी कड़ी सजा


