Ranchi : झारखंड में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग ने राज्य में मानसून के तेजी से सक्रिय होने के संकेत दिए हैं. अगले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई गई है. तापमान में भी आने वाले दिनों में गिरावट दर्ज की जाएगी.
मानसून का वर्तमान सफर और झारखंड पर असर
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसूनी हवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है. उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से गुजरती हुई मानसून की रेखा अब पंजाब से बिहार की ओर अपना रुख कर चुकी है. इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक बनी हवाओं की ट्रफ लाइन और छत्तीसगढ़ व ओड़िशा के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण झारखंड में नमी लाने का काम कर रहे हैं. इन अनुकूल परिस्थितियों के कारण आने वाले 3 से 4 दिनों में मानसून के झारखंड के बचे हुए हिस्सों में और अधिक मजबूती से दस्तक देने की पूरी संभावना है. अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी.

क्या कहता है आगामी दिनों का पूर्वानुमान
• 27 जून : राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गर्जन के साथ वर्षा होगी. राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से (पलामू, गढ़वा, चतरा) को छोड़कर शेष भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी है.
• 28 जून : उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में एक तरफ गर्जन-वज्रपात की संभावना है, तो दूसरी ओर कहीं-कहीं गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है.
• 29 जून से 1 जुलाई : इस दौरान राज्य भर में आसमान में बादल छाए रहेंगे. 30 जून और 1 जुलाई को तो बारिश की गतिविधियां काफी तेज हो जाएंगी. जिससे राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मध्यम दर्जे की वर्षा देखने को मिलेगी.
• 30 को भारी वर्षा का अलर्ट : 30 जून को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड (बोकारो, धनबाद) में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, 1 जुलाई को संथाल परगना के जिलों (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज) के साथ-साथ दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है.
रांची और आसपास के मौसम का हाल
राजधानी रांची में अगले एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज काफी सुहावना रहने वाला है. 27 जून से ही गर्जन के साथ वर्षा की शुरुआत हो जाएगी, जो 3 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान जो फिलहाल 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. वह घटकर 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान भी 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
अब तक झारखंड में बारिश की स्थिति
• राज्य में मानसून अभी भी अपनी सामान्य गति से थोड़ा पीछे चल रहा है. पूरे झारखंड में अब तक 61.2 मिलीमीटर बारिश हुई है. राज्य में अब तक सामान्य से 62 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.
• दुमका : 127.7 मिमी बारिश के साथ स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर है, हालांकि यह सामान्य से 25 फीसदी कम है.
• रांची : 125.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 25 फीसदी कम है.
• सिमडेगा : 115.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
• जामताड़ा : 117.7 मिमी बारिश हुई है.
• धनबाद : 74.1 मिमी और पूर्वी सिंहभूम में 63.3 मिमी बारिश हुई है.
• साहिबगंज और गढ़वा जैसे जिलों में अभी भी बारिश की कमी (लगभग 98 फीसदी कम) बनी हुई है.
सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने वज्रपात (आकाशीय बिजली) को लेकर राज्य के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं के दौरान पेड़ों के नीचे रहने या खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों को कृषि कार्यों के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का परामर्श दिया गया है.
ALSO READ : POCSO कोर्ट : दो नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दोषी को आजीवन कारावास और 50 हजार जुर्माना


