Hazaribagh : बड़कागांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंबाजीत गांव से चोरी हुए ट्रैक्टर को महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालोदर गांव स्थित जुगल घाटी जंगल में छापेमारी कर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लिया. जानकारी के अनुसार, अंबाजीत गांव निवासी अभय कुमार दास ने 26 जून 2026 को बड़कागांव थाना में ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि 25 जून की शाम करीब 6 बजे खेत की जुताई करने के बाद उन्होंने अपना महिंद्रा ट्रैक्टर (JH-02 BY-1573) अंबाजीत स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर में खड़ा किया था. अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वह वहां पहुंचे तो ट्रैक्टर गायब मिला.
थाना प्रभारी ने बताया
शिकायत के आधार पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 113/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल सघन छापेमारी अभियान शुरू किया. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने शनिवार तड़के करीब 4 बजे बालोदर गांव स्थित जुगल घाटी जंगल से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो ट्रैक्टर को जुगल घाटी के रास्ते डेमोटांड़ ले जाया जा सकता था, जिससे उसकी बरामदगी काफी कठिन हो जाती. उन्होंने बताया कि उसी दिन मुहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती थी. इसके बावजूद पुलिस ने समय की गंभीरता को देखते हुए विशेष अभियान चलाया और ट्रैक्टर बरामद करने में सफलता हासिल की. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही ह. लोगों का कहना है कि कम समय में चोरी गए वाहन की बरामदगी से पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है.

Also Read : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर बीएलओ और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित


