Hazaribagh : इचाक स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक ठाकुरबाड़ी की भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध कब्जे के प्रयास के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस संबंध में विधायक प्रदीप प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ शीघ्र एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान ठाकुरबाड़ी के महंत विजय दास भी मौजूद रहे. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यह केवल भूमि विवाद का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक विरासत से जुड़ा विषय है. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा, पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए.
प्रशासन से मामले में शीघ्र, निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की
उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले महंत विजय दास भगवान श्री ठाकुर गोपाल जी के साथ उनके जनसेवा कार्यालय पहुंचे थे और पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया था. उस समय भी उन्होंने महंत को भरोसा दिलाया था कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे. विधायक ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध कब्जा या उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर अतिक्रमण करने का साहस न कर सके. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंतिम न्याय मिलने तक वे इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे. साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की.

Also Read : मोहर्रम पर रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक इंतजाम


