Bermo: जल जीवन मिशन के तहत बोकारो थर्मल के गोविंदपुर बी पंचायत अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल जल योजना के तहत घरेलू पेयजलापूर्ति कनेक्शन देने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. स्थानीय मुखिया चंद्र देव घांसी एवं मंटू गुप्ता की देखरेख में जरवा बस्ती, कारो स्पेशल फेज-दो कॉलोनी, निशन हाट गोलघर क्षेत्र सहित तमाम झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों, डीवीसी ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले परिवारों एवं खटाल संचालकों के घरों में पाइपलाइन कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं.
एक पंचायत को मिला लाभ, अन्य क्षेत्रों में पानी का संकट बरकरार
इस योजना के तहत खेतको स्थित दामोदर नदी से पानी का उठाव कर उसे कथारा स्थित पानी टंकी में भेजा जा रहा है, जहां से जल शोधन के बाद नूरी नगर स्थित पानी टंकी से सभी घरों तक पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. इस पहल से गोविंदपुर बी पंचायत के बड़े हिस्से में शुद्ध पेयजल की समस्या का समाधान होता दिख रहा है, लेकिन इसके विपरीत गोविंदपुर की अन्य पड़ोसी पंचायतों में स्थिति बेहद विकट बनी हुई है.

दरअसल, गोविंदपुर की बाकी पंचायतों में भी पेयजलापूर्ति को सुचारू रूप से चलाने के लिए पांच वर्ष पूर्व एनटीपीसी कॉलोनी में एक भव्य जलमीनार (पानी टंकी) का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. लेकिन डीवीसी प्रबंधन द्वारा जलमीनार निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं दिए जाने के कारण यह योजना अधर में लटक गई और निर्माण कार्य पूरी तरह बंद हो गया. इस प्रशासनिक अड़ंगे का खामियाजा हजारों ग्रामीण भुगत रहे हैं.
ALSO READ: सरायकेला : चांडिल NH-32 बायपास पर बीयर की बोतलों का अंबार, शराबियों का अड्डा बना सड़क किनारा
ग्रामीणों ने डीवीसी से एनओसी जारी करने की मांग की
डीवीसी की आवासीय कॉलोनी के आसपास बसी निजी कॉलोनियों के लोग पानी के लिए पूरी तरह डीवीसी की जलापूर्ति पर निर्भर हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है. निशन हाट स्थित डीवीसी आवासीय कॉलोनी में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप है. वहीं गोविंदपुर डी पंचायत के जनता नगर, वैशाखी कॉलोनी, सुभाष नगर और बिरसा नगर में भी लोगों को रोज पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है.
निशन हाट कॉलोनी निवासी आबिद परवेज, अंजनी दीक्षित, गणेश राम सहित अन्य लोगों ने डीवीसी प्रबंधन से शेष पंचायतों में जलमीनार निर्माण के लिए जल्द एनओसी जारी करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल जीवन मिशन की योजना पूरी हो जाती है तो हजारों परिवारों को स्थायी रूप से पेयजल संकट से राहत मिल जाएगी.


