Ranchi: मोहर्रम के अवसर पर राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम देखने को मिला. शहर के विभिन्न अखाड़ों से पारंपरिक जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए. जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया और पूरे शहर में धार्मिक आस्था एवं भाईचारे का माहौल देखने को मिला.
जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
मोहर्रम जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि अधिकारियों ने लगातार पूरे मार्ग की निगरानी की. अल्बर्ट एक्का चौक सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. सिटी एसपी ने बताया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. यदि कोई व्यक्ति फर्जी या भ्रामक सूचना वायरल करने का प्रयास करता है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि किए बिना उसे साझा नहीं करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि सभी समुदायों के लोग सहयोग से मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है.
AlsoRead:हजारीबाग में बनेगा अत्याधुनिक शूटिंग रेंज, खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान : सांसद


