Jamtara: डीडीसी ने शनिवार को करमाटांड़ पंचायत का औचक निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और पंचायत कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, पोषण और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ अभिलेखों के संधारण की भी गहन समीक्षा की गई. डीडीसी के अचानक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया.
स्वास्थ्य सेवाओं और विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, उपस्थिति और केंद्रों के संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया. पंचायत भवन पहुंचकर उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों, पंजियों तथा रखरखाव की जांच की. साथ ही मनरेगा एवं 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

ALSO READ: मरकच्चो में मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
रिकॉर्ड अद्यतन रखने और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश
डीडीसी ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि विभागीय पंजियों और दस्तावेजों को नियमित रूप से अद्यतन रखें तथा सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिकॉर्ड संधारण में अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी भी उच्चाधिकारी के औचक निरीक्षण की पूर्व सूचना किसी को न दी जाए. उन्होंने कहा कि निरीक्षण की गोपनीयता बनाए रखने से ही वास्तविक स्थिति सामने आती है और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है. इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल पदाधिकारी (सीओ), बीपीओ सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. डीडीसी के औचक निरीक्षण से पंचायत क्षेत्र में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जवाबदेही और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.


