Ranchi: विद्यालयी खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित 65वें सुब्रतो कप काके प्रखंड स्तरीय अंडर-17 बालक एवं बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन कांके के विधायक सुरेश बैठा (MLA Suresh Baitha) ने गुब्बारे उड़ाकर किया. आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि का मोमेंटो, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया. उद्घाटन के बाद विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया.
ये शामिल रहें
इस अवसर पर प्रमुख सोमनाथ मुंडा, उप प्रमुख अजय बैठा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जूही रानी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मंजू बिलुंग, भारती फाउंडेशन के निशांत एवं ऋतिक सहित प्रखंड के खेल शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. अंडर-17 बालक वर्ग में हाई स्कूल बोडिया ने प्रथम और पीएम श्री उच्च विद्यालय, कुम्हारिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कांके विजेता तथा जीएमएस गागी हिंदी उपविजेता रहा.



