Hazaribagh: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) सांसद के. सी. वेणुगोपाल के निर्देश तथा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में छात्रों एवं युवाओं से जुड़ी समस्यओं को लेकर कांग्रेस राज्यव्यापी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है. शनिवार को हजारीबाग जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में प्रेसवार्ता आयोजित की गई. प्रेसवार्ता की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सह जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई ने की. वहीं प्रदेश कांग्रेस की ओर से नामित प्रदेश प्रवक्ता भागीरथ पासवान नें प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, नियुक्ति प्रक्रियाओं में विलंब और बढ़ती बेरोजगारी ने देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है. उन्होंने केंद्र सरकार की शिक्षा, परीक्षा एवं रोजगार नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश का छात्र अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन भ्रष्ट और अव्यवस्थित परीक्षा प्रणाली उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. नीट, यूजीसी, नेट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमिताओं ने यह साबित कर दिया है कि केन्द्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में पूरी तरह विफल रही है. भागीरथ पासवान ने कहा कि एक ओर लाखों सरकारी पद रिक्त पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर भर्ती प्रक्रियाओं को वर्षों तक लटकाकर युवाओं को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट में धकेला जा रहा है. यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नही बल्कि देश की युवाओं के साथ अन्याय है. उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए जनता को भावनात्मक मुद्दों मे उलझाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का सेशेल्स दौरा : हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी रहे मौजूद

कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी तेज
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर चुप नहीं बैठेगी. कांग्रेस पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसरों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष को और तेज करेगी. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग किया कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिकता के आधार पर तत्काल त्यागपत्र देना चाहिए तथा पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषिंयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. साथ ही सभी रिक्त पदो पर शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए. देश के युवा आज जवाब मांग रहा है. केन्द्र सरकार की नीतियों ने युवाओं के सामने असुरक्षा और और अनिश्चितता का महौल पैदा कर दिया है. कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी.
यह भी पढ़ें: गुमला: अपर सचिव ने लोहरी गांव का किया भ्रमण, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन मॉडल की सराहना
मौके पर कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष निसार खान, प्रदेश संयुक्त सचिव डॉ. प्रकाश कुमार, महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव बेबी देवी, पूर्व प्रदेश सचिव बिनोद सिंह, प्रदेश पैनलिस्ट सजीद अली खान, कृष्णदेव प्रसाद सिंह, गोविंद राम, ललितेश्वर प्रसाद चौधरी, सलीम रजा, रघु जायसवाल, जावेद इकबाल, बाबर अंसारी, सदरूल होदा, मोहम्मद वारिस, तारिक रजा, नरसिंह प्रजापति, राम नरायाण पासवान और मोहम्मद रब्बानी उपस्थित थे.


