झारखंड में मौसम का यू-टर्न, बारिश से बिजली, खेती और कारोबार प्रभावित

रांची: झारखंड के कई जिलों में इन दिनों मौसम का मिजाज बार-बार बदलता नजर आ रहा है. खास तौर पर जमशेदपुर में...

jharkhand weather
jharkhand weather

रांची: झारखंड के कई जिलों में इन दिनों मौसम का मिजाज बार-बार बदलता नजर आ रहा है. खास तौर पर जमशेदपुर में पिछले दो दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. मंगलवार को पूरे दिन आसमान में हल्के बादल छाए रहे. बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रहा. वहीं रात का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2.8 डिग्री अधिक था. इस दौरान हवा में नमी भी काफी ज्यादा रही. अधिकतम आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को भी बादलों का असर बना रहेगा और शहर में मध्यम बारिश का एक दौर देखने को मिल सकता है.

धनबाद में बारिश से बिजली व्यवस्था प्रभावित

धनबाद में सोमवार को हुई बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा. शहर के कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने से लोगों को करीब 24 घंटे तक बिजली की समस्या झेलनी पड़ी. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के अधिकारियों ने बताया कि सरायढेला के नूतनडीह, बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड के पास, विशुनपुर नाला, भूली, मनईटांड़ और वासेपुर इलाके में लगे ट्रांसफॉर्मर बारिश की वजह से खराब हो गए थे. सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह विभाग की टीम ने ट्रांसफॉर्मरों को पोल से उतारकर मरम्मत के लिए टीआरडब्ल्यू भेजा. दिनभर मरम्मत के बाद शाम तक नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए और चार्जिंग के बाद देर रात अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति फिर से बहाल कर दी गई.

गोड्डा के लिए 72 घंटे का मौसम अलर्ट

गोड्डा जिले के लिए मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए विशेष मौसम बुलेटिन जारी किया है. बदलती हवाओं और बादलों के प्रभाव के कारण उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जना और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) गोड्डा के मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद राजेश के अनुसार अगले तीन दिनों तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की गति 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. अगले दो दिनों तक पूर्व दिशा से हवा चलेगी, जबकि इसके बाद पश्चिमी हवा बहने का अनुमान है. गोड्डा में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.

पटमदा में तेज बारिश से सब्जी किसानों की बढ़ी चिंता

सब्जी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध पटमदा क्षेत्र में सोमवार रात हुई तेज बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. बारिश से जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं खेतों में पानी भर जाने से सब्जियों की फसल को नुकसान का खतरा पैदा हो गया है. बानतोड़िया, बांसगढ़, चुड़दा, जोड़सा, लोवाडीह और कमलपुर जैसे गांवों के किसान साल भर खेती के लिए कुएं, तालाब और नदियों पर निर्भर रहते हैं. इस साल भी किसानों ने खीरा, तरबूज, लौकी, टमाटर और भिंडी की बड़े पैमाने पर खेती की है. किसान अनूप महतो ने बताया कि उन्होंने चार एकड़ जमीन में टमाटर लगाया है. फसल अच्छी स्थिति में थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसल सड़ने का खतरा बढ़ गया है. किसान पौधों को बचाने के लिए उन्हें लकड़ी की खूंटी से बांधकर जमीन से ऊपर रखने की कोशिश कर रहे हैं.

गोविंदपुर में बारिश से ईंट भट्ठा कारोबार को नुकसान

गोविंदपुर प्रखंड के मुर्गाबनी और आसपास के गांवों में सोमवार शाम हुई बारिश से ईंट भट्ठा संचालकों को भारी नुकसान हुआ है. बारिश के कारण कच्ची ईंटें भीगकर खराब हो गईं. भट्ठा संचालकों का कहना है कि लाखों रुपये की कच्ची ईंटें नष्ट हो गईं, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. इसके साथ ही मजदूरों की मेहनत भी बारिश की वजह से बेकार चली गई.

घाटशिला में जलजमाव से लोगों को परेशानी

घाटशिला क्षेत्र में देर रात हुई तेज बारिश के बाद शहर की जल निकासी व्यवस्था की खामियां सामने आ गईं. एक ही रात की बारिश के बाद कई प्रमुख जगहों पर पानी भर गया. ढोड़ाडीह पेट्रोल पंप और साहू अपार्टमेंट के पास मुख्य सड़क पर जलजमाव होने से स्कूली बच्चों और इंदिरा मार्केट स्थित कौशल केंद्र के छात्रों को आने-जाने में परेशानी हुई. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क निर्माण के समय जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई थी. फूलडुंगरी से कॉलेज रोड तक यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है. गोपालपुर स्थित शिव मंदिर के पास भी पानी भर गया, वहीं बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में भी पानी और कीचड़ घुस गया.

चितरा में आंधी और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद

देवघर जिले के चितरा प्रखंड के फौजदार बांक गांव में सोमवार देर शाम आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. कई एकड़ में लगी फसल पूरी तरह खराब हो गई. किसानों के मुताबिक खीरा, भिंडी, मिर्च, गेहूं, कोहड़ा, कद्दू और करेला जैसी फसलें नष्ट हो गईं. गांव के लगभग 150 किसानों ने करीब 200 एकड़ जमीन में विभिन्न फसलें लगाई थीं, जो इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गईं. किसानों का कहना है कि खेती में उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी थी और अब फसल बर्बाद होने से आर्थिक संकट गहरा गया है. किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने की मांग की है.

अगले पांच दिनों में बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के कई जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है. रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, पलामू, गढ़वा और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. हालांकि इस दौरान कुछ जगहों पर आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना भी बनी रहेगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के इस बदलते दौर में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहना जरूरी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *