pakud : जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला की बिना अनुमति आपत्तिजनक तस्वीर खींचकर उसे ब्लैकमेल करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पीड़िता ने महेशपुर थाना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह अपने घर में कपड़े बदल रही थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने कथित रूप से चोरी-छिपे मोबाइल फोन से उसकी आपत्तिजनक तस्वीर खींच ली.
महिला का आरोप, छेड़खानी करने की कोशिश
महिला का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की और जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला का कहना है कि आरोपी ने तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. घटना के दौरान जब महिला ने शोर मचाया तो आरोपी अपना मोबाइल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया. पीड़िता के आवेदन के आधार पर महेशपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. यदि आरोपी के मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद होती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

Also Read : रेलवे की पहल : जम्मू कश्मीर के ताजा आलूबुखारा अब चेन्नई और कोलकाता के बाजार में


