NewsWave Desk : पीएम नरेंद्र मोदी जनता की नब्ज सबसे बेहतर ढंग से पढ़ सकते है. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद नरेंद्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो जनता को समझते है. ये बातें पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी और लेखिका शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा. उन्होंने अपने पिता की डायरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके निजी संबंधों से जुड़े कई अहम खुलासे किये. इसके साथ ही उन्होंने मोदी की विदेश नीति की समझ, आरएसएस मुख्यालय नागपुर जाने को लेकर अपने पिता के विचार, कांग्रेस को दी गई उनकी सलाह जैसे अहम मुद्दों पर जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि उनके पिता ने अपनी डायरी में लिखा था कि इंदिरा गांधी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो जनता की भावनाओं और जरूरतों को समझते हैं. यह टिप्पणी उस समय लिखी गई थी, जब जम्मू-कश्मीर में भीषण बाढ़ आई थी.
नाराज हुए थे प्रणब मुखर्जी
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पीएम मोदी का आरएसएस मुख्यालय जाना और प्रणब मुखर्जी की नाराजगी का भी जिक्र किया. शर्मिष्ठा मुखर्जी ने बताया कि साल 2018 में नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय में पीएम मोदी के जाने का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनके पिता का मानना था कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत संवाद है. शर्मिष्ठा ने बताया कि उस समय वह कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में थीं और अपने पिता के इस फैसले से बेहद नाराज थीं. जब उन्होंने पिता से कहा कि आरएसएस मुख्यालय जाकर वह संगठन को वैधता दे रहे हैं, तो प्रणब मुखर्जी नाराज हो गये थे.

देश की जनता ने दी है वैधता
शर्मिष्ठा ने कहा कि प्रणब मुखर्जी ने कहा था, मैं कौन होता हूं आरएसएस को वैधता देने वाला. आरएसएस को वैधता देश की जनता ने दी है. जिसने उनके एक प्रचारक को भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री चुना है. अगर कांग्रेस इस सच्चाई को नजरअंदाज करता है तो यह उसके लिए ही नुकसानदायक होगा.
पीएम मोदी और प्रणब मुखर्जी के रिश्ते पर बड़ा खुलासा
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और उनके पिता प्रणब मुखर्जी के बीच बेहद अच्छे संबंध थे. यह रिश्ता सिर्फ राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बनने के बाद का नहीं था. उन्होंने कहा कि खुद नरेंद्र मोदी ने उन्हें बताया था कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले, जब वह एक सामान्य आरएसएस कार्यकर्ता के रूप में दिल्ली आते थे, तब अक्सर सुबह की सैर के दौरान उनकी मुलाकात प्रणब मुखर्जी से हो जाती थी. शर्मिष्ठा के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे कहा था, मैं हमेशा दादा के पैर छूता था. पता नहीं क्यों, लेकिन मेरे मन में उनके प्रति हमेशा गहरा सम्मान रहा.
ALSO READ : रांची में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, 5 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक


