Hazaribagh: की शांत शामें अब डर और हैरानी में बदलती जा रही हैं. नशेड़ियों और छिनतई गैंग से तो लोग पहले से ही परेशान थे, अब शहरवासियों के लिए नई परेशानी खड़ी हो गई है. शहर के कॉलेज मोड़ से स्टेडियम जाने वाले रास्ते पर हर दिन देर शाम एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है.
माहौल खराब हो रहा है
अब तक सड़कों पर हुड़दंग और बदतमीजी के लिए बदनाम रहे लड़कों के साथ अब लड़कियां भी खुलकर इस अराजकता में शामिल होती दिख रही हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लड़कियां और उनके साथ लड़के रोज शाम को इस रास्ते पर दिखाई देते हैं. मोटरसाइकिल लड़के चलाते हैं, जबकि पीछे बैठी लड़कियां सिगरेट का कश लगाती नजर आती हैं. इन लड़कियों द्वारा बेवजह राह चलते लोगों को गालियां देना, तेज आवाज में चिल्लाना और सड़क पर स्टंट करना इनका रोज का रूटीन बन चुका है. सूत्र बताते हैं कि ये लड़कियां बोकारो की रहने वाली हैं और हाल के दिनों में हजारीबाग में इनकी गतिविधियां बढ़ी हैं. बताया जाता है कि ये नशे की हालत में रहती हैं। राहगीरों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से इलाके का माहौल खराब हो रहा है. कई बार लोगों ने टोकने की कोशिश की, लेकिन बदले में उन्हें गालियां और धमकियां ही मिलीं.

ठोस कारवाई की जरूरत
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. शहर के जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के लिए यह एक बड़ा सवाल बनता जा रहा है कि आखिर कब तक सड़कों पर इस तरह का हुड़दंग चलता रहेगा? अगर समय रहते इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का ही नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और मर्यादा का भी गंभीर संकट बन सकता है. हजारीबाग की सड़कों पर बढ़ती यह बेलगाम आजादी अब अराजकता का रूप ले चुकी है. सवाल सिर्फ यह नहीं कि ये कौन हैं, बल्कि यह है कि इन्हें रोकने वाला कौन है? अगर अब भी प्रशासन नहीं जागा, तो आने वाले दिनों में यह ड्रामा किसी बड़े हादसे की पटकथा बन सकता है.
AlsoRead:लैंड सर्वे मामला : HC ने कहा 15 जुलाई तक सचिव दाखिल करें एफिडेविट


