Ranchi: रांची नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का गुस्सा आज निगम मुख्यालय में फूट पड़ा. पेंशन में कथित तौर पर की जा रही 20 प्रतिशत कटौती के विरोध में बड़ी संख्या में पेंशनभोगियों ने प्रदर्शन किया और निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर कटी हुई राशि वापस करने की मांग की. सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अवध बिहारी तिवारी ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद वर्ष 2017 से नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्यकर्मियों के समान पेंशन का लाभ मिल रहा है. लेकिन पिछले तीन महीनों से बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण बताए पेंशन की राशि में 20 प्रतिशत की कटौती की जा रही है. उन्होंने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: ऑनर किलिंग मामले में भाई को आजीवन कारावास, पिता को 3 वर्ष की सजा और 25,000 जुर्माना

400 से अधिक पेंशनभोगी प्रभावित
संघ के मंत्री सुधीर कुमार ने बताया कि इस फैसले से करीब 400 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनभोगी प्रभावित हुए हैं. उनका कहना है कि जिन लोगों ने वर्षों तक निगम की सेवा की, उन्हें अब रिटायरमेंट के बाद आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिना किसी आधिकारिक सूचना के पेंशन में कटौती करना पूरी तरह अनुचित है. प्रदर्शन के दौरान पेंशनभोगियों ने निगम प्रशासन से मांग की कि कटौती के आदेश को तत्काल वापस लिया जाए और पिछले तीन महीनों में काटी गई पूरी राशि संबंधित कर्मचारियों के खातों में जमा कराई जाए.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला: राकेश सिन्हा बोले- ‘वोट से लेकर मंदिर के चढ़ावे तक चोरी’


