Hazaribagh: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए. बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कई योजनाएं स्वीकृति मिलने के बाद भी लंबे समय तक अधूरी रहती हैं, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होता है. उन्होंने अभियंताओं एवं संवेदकों को नियमित निगरानी करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा तय समय में उन्हें पूर्ण कराने का निर्देश दिया. समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन नए आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष चर्चा हुई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य आगामी 26 जनवरी तक हर हाल में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि कार्य की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए.
यह भी पढ़ें: जब प्रभु ने भक्तों को दिया अंतिम दर्शन, अब 15 दिनों के ‘एकांतवास’ में रहेंगे जगन्नाथ

आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के अनुकूल वातावरण विकसित हो
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के अनुकूल वातावरण विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने प्रत्येक केंद्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की स्थापना सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही आंगनबाड़ी कक्षों की ऊपरी दीवारों पर तारामंडल का चित्रांकन तथा दीवारों पर अंग्रेजी और हिंदी वर्णमाला की आकर्षक पेंटिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, वहां भवन निर्माण के लिए स्थल चयन दूरदर्शिता के साथ किया जाए. भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित ढंग से निर्माण कार्य किया जाए और बिना योजना के भवन निर्माण से बचा जाए.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथपुर रथ मेला 2026: रिकॉर्ड 2.27 करोड़ में बिका मेला का ठेका, RS इंटरप्राइजेज को मिली जिम्मेदारी
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने दोहराया कि सरकार की सभी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अभियंताओं और संवेदकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संवेदक उपस्थित थे.


