Dhanbad: निरसा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पुराना थाना के बिल्कुल समीप स्थित इकबाल अहमद के एक पीजी लॉज में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों के भारी विरोध और हंगामे के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लॉज को सील कर दिया है. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही लॉज में मौजूद दो जोड़े युवक-युवती स्थानीय लोगों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की करते हुए मौके से फरार होने में कामयाब रहे. यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: मायके जाने निकली महिला तीन बच्चों संग लापता, परिजनों ने थाने में दर्ज कराई सनहा

पड़ोसी की सजगता से खुला राज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का पर्दाफाश पड़ोसी ओम अग्रवाल की सजगता के कारण हुआ. ओम अग्रवाल के घर और बाहर बनी पत्ता-ग्लास की होलसेल दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. आज जैसे ही लॉज में संदिग्ध गतिविधियों के तहत युवक-युवतियों का आना-जाना हुआ, ओम अग्रवाल ने सीसीटीवी फुटेज में इसे देख लिया. सूचना आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने जब लॉज में मौजूद युवक-युवतियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो निरसा उत्तर क्षेत्र के रहने वाले एक मनबढ़ू युवक ने स्थानीय लोगों के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी. इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह अपनी प्रेमिका को साथ लेकर भाग निकला.
पहले चलता था होटल, सालभर से बन गया था अय्याशी का अड्डा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस परिसर में पहले एक होटल संचालित होता था. करीब एक साल पहले जब होटल बंद हुआ, तो मकान मालिक इकबाल अहमद ने इसे पीजी लॉज की शक्ल दे दी. आरोप है कि पिछले एक साल से इस घनी आबादी वाले सभ्य समाज के बीच लॉज की आड़ में अनैतिक कार्य धड़ल्ले से चल रहा था. दो दिन पहले भी स्थानीय नागरिक ओम अग्रवाल ने लॉज संचालक इकबाल अहमद को कड़ी चेतावनी दी थी कि यहां रहने वाले परिवारों को देखते हुए इस तरह के गलत काम तुरंत बंद किए जाएं, लेकिन संचालक पर इसका कोई असर नहीं हुआ.
यह भी पढ़ें: जब प्रभु ने भक्तों को दिया अंतिम दर्शन, अब 15 दिनों के ‘एकांतवास’ में रहेंगे जगन्नाथ
पुलिस लॉज को किया सील, आपत्तिजनक सामान बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, निरसा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती और सब-इंस्पेक्टर अजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जब लॉज के भीतर छापेमारी की, तो वहां से कई आपत्तिजनक सामान और युवतियों के सजने-धजने के उपकरण बरामद हुए. पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी और लॉज मालिक इकबाल अहमद के पीछे स्थित घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के आने की भनक लगते ही घर छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीजी लॉज के कमरों और मुख्य दरवाजे पर सरकारी ताला लटका दिया और चाबी अपने साथ ले गई.


