Chaibasa: किरीबुरू के शहरी क्षेत्र स्थित किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पर पुराने मैगजीन घर के समीप जंगल में एक जंगली हाथी के डेरा डालने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले सेल कर्मियों और आम नागरिकों में भय व्याप्त है. जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात हाथी अचानक सड़क पार करते हुए सेल की मेघाहातुबुरु खदान के मैकेनिकल शॉवेल सेक्शन में पहुंच गया. रात करीब 11 बजे हाथी के पहुंचते ही वहां कार्यरत कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी सुरक्षा के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी कुछ देर तक खदान क्षेत्र में घूमता रहा और बाद में जंगल की ओर लौट गया. हालांकि उसकी मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
वन विभाग को तत्काल सूचना दी गई
मंगलवार, 30 जून की सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों ने उसी हाथी को पुराने मैगजीन घर के समीप फिर देखा, जिसके बाद वन विभाग को तत्काल सूचना दी गई. वन विभाग के कर्मी शंकर पांडेय ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन ऑपरेटर को बुलाया गया है. ड्रोन की मदद से हाथी की निगरानी कर उसे सुरक्षित रूप से घने जंगल की ओर खदेड़ने की योजना बनाई जा रही है. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथी के पास न जाएं और उसे किसी भी तरह से छेड़ने का प्रयास न करें. ऐसा करने पर हाथी उग्र हो सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका है. उल्लेखनीय है कि सारंडा और आसपास के जंगलों से हाथियों का शहरी क्षेत्रों की ओर आना लगातार बढ़ रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों में बढ़ती मानवीय गतिविधियां और प्राकृतिक संसाधनों की कमी के कारण वन्यजीवों का रिहायशी एवं औद्योगिक क्षेत्रों की ओर रुख बढ़ता जा रहा है, जो चिंता का विषय बनता जा रहा है.

AlsoRead:रांची पुलिस की बड़ी पहल: संगीन अपराधियों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने का निर्देश


