Jamshedpur: जिले में जमशेदपुर करणी सेना के जिलाध्यक्ष की हत्या के मामले में कार्रवाई हुई है. एसएसपी पीयूष पांडेय ने कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया साथ ही दो और थानेदार हटा दिया गया. बिष्टुपुर थाना थाना प्रभारी आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उनकी जगह पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है. वहीं गोलमुरी का यातायात थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद को बर्मामाइंस थाना प्रभारी बनाया गया. बिष्टुपुर साइबर थाना के प्रभारी मो कुदूस को गोलमुरी का यातायात थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. गौरतलब है कि यह कार्रवाई हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों और विभागीय समीक्षा के आधार पर की गयी है.
टीएमएच से बिष्टुपुर गोलचक्कर तक फैला आक्रोश:
मामले की शुरुआत 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डडी बार के समीप हुई थी, जहां हिमांशु सिंह नाम के एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था. गंभीर हालत में हिमांशु को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उसने दम तोड़ दिया. हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क उठा. टीएमएच अस्पताल से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते बिष्टुपुर गोलचक्कर तक पहुंच गया. सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक, सिटी एसपी की गाड़ी क्षतिग्रस्त:
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन उग्र भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने डीएसपी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की. हंगामे के बीच उग्र लोगों ने मौके पर मौजूद सिटी एसपी के सरकारी वाहन पर पथराव और हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक पीसीआर वैन को भी भीड़ ने घेर लिया. अचानक हुए हमले से घबराए चालक का संतुलन बिगड़ गया और पीसीआर वैन एक भवन से जा टकराई. इसके बाद उग्र भीड़ ने पीसीआर वैन में भी जमकर तोड़फोड़ की.


